28 मई 2015 - 19:36
 अलअंबार के 65 किलोमीटर क्षेत्र से आतंकवादियों का सफ़ाया

इराक़ की अलअंबार आप्रेशनल कमान ने रोमादी के 65 किलोमीटर के मैदान से आतंकियों को खदेड़ने और सेना तथा जनसेना की कामयाबी की ख़बर दी है।

इराक़ की अलअंबार आप्रेशनल कमान ने रोमादी के 65 किलोमीटर के मैदान से आतंकियों को खदेड़ने और सेना तथा जनसेना की कामयाबी की ख़बर दी है।
क़ासिम मुहम्मदी ने अंबार में चलाए जा रहे लब्बैक या हुसैन आप्रेशन के बारे में कहा कि आतंकियों के क़ब्ज़े से रोमादी के 65 किलोमीटर मैदान को आज़ाद करा लिया गया है और सेना ने इस मैदान को दो ओर से घेर लिया है। उनका कहना था कि सेना, जनसेना और क़बाइलियों ने आईएसआईएल के महत्वपूर्ण सप्लाई मार्ग पर नियंत्रण पा लिया है। वर्तमान समय में सुरक्षाकर्मियों ने दक्षिण और पश्चिम से रोमादी को अपने घेरे में ले लिया है और अब आईएसआईएल के पास मरने या आत्मसमपर्ण करने के अतिरिक्त कोई अन्य मार्ग नहीं है। अंबार सैन्य अभियान की कमान ने इस प्रांत की स्वतंत्रता के लिए संयुक्त अभियान शुरू करने की समयावधि की प्रशंसा की। इराक़ी सेना ने अंबार की स्वतंत्रता के लिए लब्बैक या हुसैन नामक संयुक्त अभियान आरंभ किया है। इराक़ी जनसेना के प्रवक्ता करीम नूरी ने ऐलान किया है कि मंगलवार से आरंभ होने वाली झड़पें, मूसिल और अलअंबार के मध्य सहायता मार्ग को काटने वाले मुख्य युद्ध की भूमिका है।
दूसरी ओर सलाहुद्दीन प्रांत में सेना की कार्यवाही में आईएसआईएल के 150 आतंकी मारे गये। उधर इराक़ के रक्षामंत्री ने कहा कि आईएसआईएल से होने वाली भीषण झड़पों के बाद रोमादी के दक्षिण में स्थित ताश और हमीरा क्षेत्रों को आज़ाद करा लिया गया है। इराक़ी रक्षामंत्रालय ने एक बयान जारी करके बताया कि तिकरीत के अलबू जवारी और अन्य क्षेत्रों का घेराव कर लिया है और देश की वायु सेना ने सलाहुद्दीन प्रांत में कसारात मैदान में आईएसआईएल के ठिकानों को निशाना बनाया है। बयान के अनुसार, सेना की इस कार्यवाही में बड़ी संख्या में आतंकी मारे गये जिनमें पाकिस्तानी भी शामिल हैं।